विश्रामपुर-लटोरी में आरएसएस का जलवा: 400 से ज्यादा स्वयंसेवकों की दमदार परेड, शताब्दी यात्रा पर विशेष उद्बोधन

सूरजपुर: जिले के विश्रामपुर और लटोरी में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का भव्य पथ संचलन आयोजित हुआ। 400 से ज्यादा स्वयंसेवकों ने सड़कों पर अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत नज़ारा पेश किया। जगह-जगह देशभक्ति के नारों और फूलों की वर्षा ने माहौल को और जोशीला बना दिया। कार्यक्रम में संघ की 100 साल की शताब्दी यात्रा और ‘पंच परिवर्तन’ जैसे अहम विषयों पर जोरदार उद्बोधन हुए।

विश्रामपुर: अनुशासन और उत्साह का संगम

चोपड़ा मिनी स्टेडियम से निकली परेड शहर के मार्केट, अंबेडकर चौक और बस स्टैंड होते हुए शनि मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। इस दौरान करीब 200 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।
बौद्धिक सह प्रांत प्रचारक नामदेव ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए राष्ट्र सेवा और अनुशासन की अहमियत पर जोर दिया। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।

लटोरी: मातृशक्तियों का भावुक स्वागत

लटोरी में दशहरा मैदान से शुरू हुई परेड बस स्टैंड, कल्याणपुर रोड और हायर सेकेंडरी स्कूल होते हुए वापस दशहरा मैदान लौटी। यहां लगभग 205 स्वयंसेवक शामिल हुए।
विशेष बात यह रही कि मातृशक्तियों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर परेड का स्वागत किया, जिससे पूरा इलाका राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
मुख्य वक्ता, छत्तीसगढ़ प्रांत के मुख्य मार्ग एवं छात्रावास प्रमुख गौरागो सिंह ने संघ की शताब्दी यात्रा पर विस्तार से बात की। उन्होंने ‘पंच परिवर्तन’ के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों को समाज परिवर्तन के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रभक्ति से सराबोर आयोजन

यह पथ संचलन सिर्फ अनुशासन और शक्ति प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें संघ की एकता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की झलक भी दिखाई दी। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस आयोजन ने उन्हें नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच से भर दिया है।

Join WhatsApp

Join Now

Latest Stories

Leave a Comment